

स्थान : ज्योतिर्मठ (चमोली)
ब्यूरो रिपोर्ट

वैश्विक स्तर पर एलपीजी सिलेंडर की बढ़ती मांग और कई क्षेत्रों में आपूर्ति दबाव के बीच उत्तराखंड के सीमांत नगर ज्योतिर्मठ में गैस वितरण व्यवस्था फिलहाल सुचारु रूप से चल रही है। यात्रा सीजन के बढ़ते दबाव के बावजूद यहां उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध हो रहे हैं।


नगर क्षेत्र में गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN) द्वारा संचालित इंडेन गैस सर्विस रवि ग्राम गोदाम में पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध हैं, जिससे स्थानीय जनता को राहत मिली है। लगातार ट्रकों के माध्यम से सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है और वितरण प्रक्रिया नियमित रूप से संचालित हो रही है।

मंगलवार को मीडिया टीम द्वारा ज्योतिर्मठ गैस सर्विस एजेंसी के गोदाम का निरीक्षण किया गया, जहां सिलेंडर वितरण व्यवस्था सामान्य और सुव्यवस्थित पाई गई। मौके पर पहुंचे उपभोक्ताओं ने भी व्यवस्था पर संतोष जताया।


ग्राहकों के अनुसार अब बुकिंग के बाद मिस कॉल सिस्टम से प्रक्रिया पूरी होती है और लगभग 48 घंटे के भीतर 6 अंकों का DAC नंबर मैसेज के जरिए प्राप्त हो जाता है, जिसके बाद गोदाम से आसानी से सिलेंडर मिल जाता है।
यात्रा सीजन के बावजूद आपूर्ति बाधित नहीं होने से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। उपभोक्ताओं का कहना है कि पहले की तुलना में अब व्यवस्था अधिक पारदर्शी और तेज हो गई है।

ज्योतिर्मठ गैस सर्विस एजेंसी की प्रबंधक सीमा भंडारी ने बताया कि लगातार गैस सिलेंडर से भरे ट्रक गोदाम पहुंच रहे हैं और स्टाफ सुबह से शाम तक वितरण कार्य में जुटा हुआ है।


उन्होंने कहा कि बुकिंग के बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार DAC नंबर आने पर ग्राहकों को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। तकनीकी कारणों से कभी-कभी ओटीपी या सिस्टम में देरी हो सकती है, लेकिन व्यवस्था जल्द ही सामान्य हो जाती है।


सीमा भंडारी ने बताया कि एजेंसी का मुख्य उद्देश्य हर जागरूक उपभोक्ता को समय पर गैस उपलब्ध कराना है, और इसके लिए पूरी टीम समर्पित रूप से कार्य कर रही है।
फिलहाल ज्योतिर्मठ में गैस आपूर्ति व्यवस्था संतोषजनक स्थिति में है, जिससे स्थानीय जनता और यात्रा सीजन में आने वाले लोग दोनों को सुविधा मिल रही है।

