

स्थान : विकासनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

जनपद में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए देहरादून पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के सख्त निर्देशों के बाद पूरे जिले में “ऑपरेशन प्रहार” चलाया जा रहा है, जिसके तहत ओवरलोडिंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।


इसी अभियान के तहत विकासनगर क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नियमों की अनदेखी करने वाले डंपर वाहनों पर शिकंजा कसा है। कार्रवाई से अवैध परिवहन करने वालों में हड़कंप मच गया है।

कोतवाली विकासनगर पुलिस ने हरबर्टपुर चौक पर देर रात सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने ऐसे 7 डंपर वाहनों को पकड़ा, जो निर्धारित क्षमता से अधिक खनन सामग्री लेकर जा रहे थे।


पुलिस जांच में पाया गया कि ये वाहन ओवरलोडिंग कर न सिर्फ मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन कर रहे थे, बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा कर रहे थे। भारी वाहनों की इस लापरवाही से किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था।
इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी 7 डंपरों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया और वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया।


पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट संदेश दिया है कि ओवरलोडिंग, लापरवाही और नियमों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन और ओवरलोडिंग करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

