

स्थान : भीमताल
रिपोर्टर : संजय जोशी

बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ अप्लाइड साइंसेज में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव ‘स्पेक्ट्रम 2026’ का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भव्य समापन हुआ। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और विभिन्न गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।


कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रो. बी.एस. बिष्ट, अध्यक्ष, बोर्ड ऑफ गवर्नर्स द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए उनके सर्वांगीण विकास पर जोर दिया।


तीन दिनों तक चले इस वार्षिकोत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, खेल-कूद प्रतियोगिताएं, ऐपण प्रतियोगिता, कुमाऊनी नृत्य और रोबोटिक्स जैसे कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहे। विद्यार्थियों ने हर गतिविधि में उत्साह और ऊर्जा के साथ हिस्सा लिया।


समारोह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया गया। साथ ही प्रत्येक बैच में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि डॉ. बी.एस. बिष्ट ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां भी जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने छात्रों को निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।


कार्यक्रम के समापन अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ. बी.के. सिंह ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के लिए अहम बताया।

इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. हेम चन्द्र पाण्डेय, डॉ. संदेश त्रिपाठी, अभय शर्मा, नितिन चिमवाल, नीरज बिष्ट, अनिल चौरसिया, सौरभ जोशी, मनीष भट्ट और सितयांगसू डे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए वार्षिकोत्सव का भरपूर आनंद लिया।

