अंबेडकर जयंती पर निकली शोभायात्रा का भव्य स्वागत, फूलों की वर्षा से गूंजा माहौल

अंबेडकर जयंती पर निकली शोभायात्रा का भव्य स्वागत, फूलों की वर्षा से गूंजा माहौल

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : पंकज सक्सेना

डॉ भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर लक्ष्मी शिशु मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसका विभिन्न स्थानों पर फूलों की वर्षा कर जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।

शोभायात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और बाबा साहेब के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। लोगों ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन समाज के लिए प्रेरणास्रोत है और उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं।

इस अवसर पर पूर्व पार्षद राधा आर्य और कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा शोभायात्रा का फूलों की वर्षा कर स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

कार्यक्रम में पहुंचे हल्द्वानी के विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर भारत के संविधान के निर्माता ही नहीं, बल्कि देश के निर्माण में उनकी भूमिका अतुलनीय रही है। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश उनके बनाए संविधान के मार्गदर्शन में आगे बढ़ रहा है।

विधायक ने कहा कि अंबेडकर जयंती का यह आयोजन समाज में समानता, न्याय और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश देता है। उन्होंने इस प्रकार के आयोजनों को समाज के लिए महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत किया और बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

अंत में कार्यक्रम का समापन उत्साह और सामाजिक एकता के संदेश के साथ हुआ, जहां सभी ने मिलकर बाबा साहेब के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।