

स्थान : विकासनगर
ब्यरो रिपोर्ट

उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर डब्बू ने विकासनगर मंडी का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को लेकर सख्ती दिखाई। उन्होंने अधिकारियों के साथ मंडी परिसर का जायजा लेते हुए साफ-सफाई से लेकर अन्य व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।


निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने मंडी परिसर की स्थिति पर संतोषजनक सुधार की आवश्यकता जताई और चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने किसानों और व्यापारियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं को परखते हुए स्पष्ट कहा कि अब किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


डॉ. डब्बू ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंडी को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाए, जिससे किसानों को बेहतर वातावरण मिल सके और व्यापारियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि मंडी के भीतर अनियमितता, टैक्स चोरी और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। यदि कोई भी दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

निर्माणाधीन कार्यों को लेकर भी अध्यक्ष ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं।


मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि दुकानों के आवंटन में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही नए व्यापारियों के लिए अतिरिक्त दुकानों का निर्माण भी किया जाएगा।

उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे व्यापार के क्षेत्र में आगे आएं और मंडी की गतिविधियों में भागीदारी बढ़ाएं। इससे न केवल रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
अंत में उन्होंने कहा कि ऐसे निरीक्षणों का मुख्य उद्देश्य मंडी की आय में वृद्धि करना और किसानों को उनकी उपज का उचित एवं लाभकारी मूल्य दिलाना है।

