

स्थान : हल्द्वानी
ब्यरो रिपोर्ट

जनपद नैनीताल में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के सख्त निर्देशों के तहत चोरी के मामलों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में थाना चोरगलिया पुलिस को अहम सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।


मामला तब सामने आया जब वादी बलजीत सिंह निवासी देवपुर सनवाल ने अपने भाई के घर में रविवार रात हुई चोरी के संबंध में थाना चोरगलिया में मुकदमा दर्ज कराया। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई थी।


एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल और सीओ हल्द्वानी अमित सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पतारसी-सुरागरसी करते हुए चोरगलिया क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान करन (26) पुत्र मदन लाल और संजय बिष्ट (25) पुत्र प्रताप बिष्ट, दोनों निवासी बागजाला स्टेडियम के पास काठगोदाम के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने अभियुक्तों के पास से चोरी का सामान बरामद किया है, जिसमें दो गीजर (वी-गार्ड और खेतान कंपनी), एक पानी की मोटर (किरलोस्कर), एक छत का पंखा (क्रॉम्पटन), एक हरा बैग जिसमें 17 जोड़ी बिना सिले कपड़े और एक स्कूटी (यूके04-एएस-3465) शामिल है। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 50 हजार रुपये आंकी गई है।

स्कूटी के वैध कागजात प्रस्तुत न किए जाने पर उसे मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है। साथ ही अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी गई हैं।

पुलिस के अनुसार करन के खिलाफ वर्ष 2021 में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज है, जबकि संजय बिष्ट के खिलाफ 2023 में चोरी और चोरी का माल रखने के आरोप में मुकदमा दर्ज हो चुका है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक निधि शर्मा, हेड कांस्टेबल चंद्रशेखर और कांस्टेबल संदीप सिंह की अहम भूमिका रही। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

