

स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी

रानीखेत कांग्रेस कमेटी द्वारा डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में करन माहरा (पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सीडब्ल्यूसी सदस्य) मौजूद रहे। उन्होंने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और उनके योगदान को याद किया।


अपने संबोधन में करन माहरा ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर एक कोहिनूर के समान थे, जिनकी चमक भी पूरे देश और विश्व को आलोकित कर रही है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने समाज के हर वर्ग को समान अधिकार दिलाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया।


उन्होंने कहा कि अंबेडकर जी का संघर्ष, त्याग और विचार हमें समानता, न्याय और भाईचारे के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उनके बताए रास्ते पर चलकर ही एक सशक्त और समरस समाज का निर्माण संभव है।

इस अवसर पर उपस्थित रमा माहरा ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि बाबा साहेब का सपना था कि समाज में कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे और सभी को समान अधिकार प्राप्त हों।

कार्यक्रम के दौरान अन्य वक्ताओं ने भी बाबा साहेब के जीवन, संघर्ष और उनके ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला और उनके सिद्धांतों को अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का संचालन नगराध्यक्ष उमेश भट्ट ने किया। अंत में सभी ने बाबा साहेब के आदर्शों पर चलने का संकल्प लेते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

