

स्थान : बाजपुर (उधम सिंह नगर)
ब्यरो रिपोर्ट

अनाज मंडी में सोमवार को गेहूं तौल केंद्र का शुभारंभ तो हुआ, लेकिन यहां किसानों की खुशी के बजाय भारी आक्रोश देखने को मिला। भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने तौल सीमा मात्र 300 कुंतल निर्धारित किए जाने के विरोध में मंडी परिसर में जमकर हंगामा किया।


किसानों का कहना है कि यह फैसला उनके हितों के खिलाफ है और उनकी मेहनत पर सीधा असर डालता है। विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व संगठन के प्रदेश अध्यक्ष करम सिंह पड्डा ने किया, जहां दर्जनों किसान मंडी में एकत्र होकर नारेबाजी करते नजर आए।


किसानों की नाराजगी का मुख्य कारण प्रशासन द्वारा गेहूं तौल की तय की गई 300 कुंतल की सीमा है। किसानों का आरोप है कि यह निर्णय उनकी उपज बिक्री में बाधा उत्पन्न करेगा और सीजन के समय उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।


इस दौरान किसान नेताओं प्रताप सिंह संधू और विजेंद्र सिंह डोगरा ने भी सरकार की नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसान पहले से ही कई समस्याओं से जूझ रहे हैं, ऐसे में यह निर्णय उनकी आजीविका पर संकट जैसा है।
भाकियू प्रदेश अध्यक्ष करम सिंह पड्डा ने चेतावनी दी कि यदि तौल सीमा में तुरंत वृद्धि नहीं की गई, तो किसान उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन के दौरान मंडी परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए रहा।


