हल्द्वानी में भीम आर्मी प्रदेश अध्यक्ष का भव्य स्वागत, मिशन 2027 की तैयारी का ऐलान

हल्द्वानी में भीम आर्मी प्रदेश अध्यक्ष का भव्य स्वागत, मिशन 2027 की तैयारी का ऐलान

स्थान : हल्द्वानी
ब्यरो रिपोर्ट

13 अप्रैल 2026 को भीम आर्मी और आज़ाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष अमरीश कपिल का हल्द्वानी आगमन पर फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया।

मुंशी हरिप्रसाद टम्टा पार्क में आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए अमरीश कपिल ने कहा कि भीम आर्मी भारत एकता मिशन संगठन देश के 27 राज्यों में मजबूती से कार्य कर रहा है और संवैधानिक तरीके से शोषित वंचित समाज को न्याय दिलाने के लिए संघर्षरत है।

उन्होंने कहा कि संगठन की स्थापना 21 जुलाई 2015 को सहारनपुर में हुई थी, जिसका उद्देश्य दलितों और पिछड़े वर्गों के अधिकारों की रक्षा करना और शिक्षा के प्रसार को बढ़ावा देना है। उन्होंने यह भी कहा कि आंदोलन को मजबूत राजनीतिक स्वर देने के लिए 15 मार्च 2020 को नोएडा में आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) का गठन किया गया।

कार्यक्रम में उन्होंने नगीना सांसद चंद्रशेखर आज़ाद सहित संगठन के अन्य नेताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि अब संगठन सड़क से लेकर संसद तक अपनी आवाज़ मजबूती से उठा रहा है।

उन्होंने बताया कि 4 जून 2024 को पार्टी का पहला सांसद चुना गया और 25 जून 2024 को उन्होंने संसद सदस्य के रूप में शपथ ली। इसके साथ ही उन्होंने आगामी मिशन 2027 चुनाव को लेकर घोषणा की कि जहां-जहां संगठन मजबूत है, वहां उत्तराखंड में भी दमदार तरीके से चुनाव लड़ा जाएगा।

समारोह में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और पूरे कार्यक्रम में जोश और उत्साह का माहौल देखने को मिला।