ऋषिकेश में भाजपा की प्रेस वार्ता, नारी शक्ति वंदन अधिनियम को बताया ऐतिहासिक कदम

ऋषिकेश में भाजपा की प्रेस वार्ता, नारी शक्ति वंदन अधिनियम को बताया ऐतिहासिक कदम

स्थान : ऋषिकेश
ब्यरो रिपोर्ट

भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता हनी पाठक ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों और महिला सशक्तिकरण की दिशा में किए गए कार्यों पर विस्तार से चर्चा की।

प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को देश की महिलाओं के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिया गया एक ऐतिहासिक तोहफा बताया। उन्होंने कहा कि इस अधिनियम के लागू होने के बाद राजनीति में महिलाओं की भागीदारी जो वर्तमान में लगभग 13 से 14 प्रतिशत तक सीमित है, वह बढ़कर 33 प्रतिशत तक पहुंच जाएगी, जिससे वे देश की नीति निर्धारण प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगी।

हनी पाठक ने कहा कि जिस प्रकार महिलाएं अपने घर को कुशलतापूर्वक संचालित करती हैं, उसी प्रकार अब वे राजनीति और विकास कार्यों में भी अपनी दक्षता से देश को नई दिशा देंगी। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में मोदी सरकार का कार्यकाल महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए ऐतिहासिक रहा है।

उन्होंने कई सरकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की बेटियां नेशनल डिफेंस एकेडमी जैसी संस्थाओं में 40 प्रतिशत से अधिक की भागीदारी के साथ शिक्षा और प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं, जो एक मजबूत और सुरक्षित भारत की दिशा में बड़ा संकेत है।

प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य महिलाओं को हर क्षेत्र में समान अवसर प्रदान करना है, ताकि वे देश के विकास में और अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकें।