

स्थान : रुड़की
ब्यरो रिपोर्ट

पिरान कलियर स्थित हज हाउस में हज 2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। हज यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए यहां विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें हाजियों को हज के सभी महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।


इस अवसर पर प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ उत्तराखंड हज कमेटी के अध्यक्ष खतीब अहमद और लक्सर विधायक मोहम्मद शहजाद ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम के दौरान हज ट्रेनर मौलाना आरिफ और मौलाना अरशद ने हाजियों को एहराम पहनने की सही विधि, काबा शरीफ का तवाफ, सफा-मरवा के बीच सई, अराफात और मीना में ठहराव सहित हज के सभी अरकान विस्तार से समझाए।


हज कमेटी अध्यक्ष खतीब अहमद ने बताया कि इस वर्ष उत्तराखंड से लगभग 1348 हज यात्रियों का चयन हुआ है, जिनमें 441 यात्री हरिद्वार जिले से शामिल हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य हाजियों को पूरी यात्रा प्रक्रिया से परिचित कराना और उन्हें मानसिक व शारीरिक रूप से तैयार करना है।


शिविर में मक्का-मदीना के नियम, स्वास्थ्य सुरक्षा उपाय और डिजिटल सुविधाओं के उपयोग के बारे में भी जानकारी दी गई, ताकि यात्रियों की यात्रा अधिक सुरक्षित और सुगम हो सके।
आयोजकों के अनुसार ऐसे प्रशिक्षण शिविर हज यात्रियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि इससे उन्हें यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी से बचने में मदद मिलती है और वे धार्मिक अनुष्ठानों को सही तरीके से पूरा कर पाते हैं


