गोविंद घाट गुरुद्वारे में वैसाखी पर्व धूमधाम से मनाया गया

गोविंद घाट गुरुद्वारे में वैसाखी पर्व धूमधाम से मनाया गया

स्थान : गोविंदघाट
ब्यरो रिपोर्ट

वैसाखी के पावन अवसर पर हेमकुंड साहिब यात्रा के प्रमुख पड़ाव गोविंद घाट गुरुद्वारा में श्रद्धा और उल्लास के साथ पर्व मनाया गया। इस दौरान देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में संगत यहां पहुंची और गुरु घर में मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया।

दिल्ली, पंजाब, मोहाली, खन्ना, पटियाला और आनंदपुर साहिब सहित कई स्थानों से आए करीब 250 से अधिक श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारे में मत्था टेका। “वाहे गुरु का खालसा, वाहे गुरु की फतेह” और “बोले सो निहाल” जैसे जयकारों से पूरी अलकनंदा और लोकपाल घाटी गुंजायमान हो उठी।

हेमकुंड साहिब गुरुद्वारा मैनेजमेंट ट्रस्ट के वरिष्ठ प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 11 अप्रैल को गोविंद घाट गुरुद्वारे में अखंड पाठ साहिब का शुभारंभ किया गया था।

रविवार सुबह 10 बजे अखंड पाठ का भोग डाला गया, जिसके बाद दिल्ली से आए जत्थे और गुरुद्वारा हेमकुंड साहिब के रागी जत्थे द्वारा शबद कीर्तन प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए गुरु का लंगर प्रसाद आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय लोकपाल घाटी और पांडुकेश्वर क्षेत्र के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और लंगर छककर स्वयं को धन्य महसूस किया। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।