भीमताल में मुख्यमंत्री धामी ने ‘स्पेक्ट्रम’ कार्यक्रम का किया शुभारंभ, युवाओं को दिया संदेश

भीमताल में मुख्यमंत्री धामी ने ‘स्पेक्ट्रम’ कार्यक्रम का किया शुभारंभ, युवाओं को दिया संदेश

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : संजय जोशी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को भीमताल पहुंचे, जहां उन्होंने बिरला संस्थान में आयोजित “स्पेक्ट्रम” कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सभी प्रतिभागियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के शैक्षणिक और रचनात्मक आयोजन छात्रों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और युवाओं की प्रतिभा को नई दिशा देते हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में राज्य के औद्योगिक विकास पर भी जोर दिया। उन्होंने सिडकुल में बंद पड़े उद्योगों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सिडकुल की स्थापना जिस उद्देश्य से की गई थी, उसे पूरा करने के लिए सरकार अब प्रभावी कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि बंद उद्योगों को पुनः संचालित कर रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, मंडी परिषद अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू, दायित्वधारी भावना मेहरा, शंकर कोरंगा सहित कई प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और संस्थान के पदाधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार और उद्योग के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है और आने वाले समय में इसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।