

स्थान : हरिद्वार
ब्यरो रिपोर्ट

रानीपुर मोड़ स्थित आर्य नगर क्षेत्र में एक बार फिर गेट लगाने को लेकर विवाद गहरा गया है। सोंधी नर्सिंग होम गली में सार्वजनिक स्थान पर जबरन गेट लगाए जाने के आरोपों के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।


स्थानीय लोगों का कहना है कि गेट एक नागरिक के घर के ठीक सामने लगाया गया है, जिससे आवाजाही में बाधा उत्पन्न हो रही है। विरोध के बावजूद पुलिस की मौजूदगी में यह कार्रवाई होने से कई सवाल भी खड़े हो गए हैं।


आरोप यह भी है कि एक प्रॉपर्टी डीलर पर दबाव बनाकर यह गेट लगवाया गया है। हालांकि मामले में कोर्ट आदेश का हवाला दिया जा रहा है, लेकिन वास्तविक स्थान और अधिकार क्षेत्र को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।

घटना के दौरान हथियारबंद लोगों की मौजूदगी से इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम से माहौल तनावपूर्ण हो गया और लोग भय के साए में आ गए।
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि उनकी कोई सुनवाई नहीं की गई और वे रो-रोकर बेहाल हैं। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाते हुए निष्क्रियता का आरोप लगाया है।

फिलहाल पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में असंतोष बना हुआ है और लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।


