

स्थान : काशीपुर
ब्यरो रिपोर्ट

उत्तराखंड में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत काशीपुर में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दो शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हेरोइन बरामद की है।


पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई कोतवाली आईटीआई क्षेत्र में एसपी काशीपुर स्वप्न किशोर सिंह के निर्देशन में कोतवाली आईटीआई पुलिस और एसओजी टीम द्वारा की गई। इस दौरान पुलिस ने सचिन कुमार और सुनील कुमार को गिरफ्तार किया।


तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से कुल 108 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 33 लाख रुपये बताई जा रही है।


पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी सचिन कुमार पहले भी कई एनडीपीएस मामलों में संलिप्त रहा है और उसके खिलाफ आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके नेटवर्क के बैकवर्ड तथा फॉरवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।

अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा और किसी भी हाल में नशा तस्करी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


