

स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी

देशभर में गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच अब स्थिति धीरे-धीरे सामान्य होती नजर आ रही है। रानीखेत क्षेत्र में भी गैस आपूर्ति व्यवस्था अब पटरी पर लौटने लगी है, जिससे आम उपभोक्ताओं और व्यापारियों ने राहत की सांस ली है।


ग्रामीण क्षेत्रों में गैस वितरण को सुव्यवस्थित करने के लिए रोस्टर प्रणाली लागू की गई है, जिसके तहत तय समय पर गांव-गांव सिलेंडर पहुंचाए जा रहे हैं। वहीं शहरी क्षेत्रों में बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी की सुविधा दी जा रही है।


कमर्शियल गैस सिलेंडर की कमी के कारण पहले कई खान-पान से जुड़ी दुकानें बंद हो गई थीं, लेकिन अब आपूर्ति सामान्य होने से व्यापारियों का कामकाज फिर से शुरू हो गया है।


रानीखेत गैस सर्विस के प्रबंधक सुरेंद्र सिंह जलाल ने बताया कि क्षेत्र में गैस की आपूर्ति पूरी तरह सुचारू हो चुकी है और घर-घर डिलीवरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में रोस्टर के माध्यम से नियमित सप्लाई सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि दुकानदारों के लिए 5 किलो और 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जैसे ही कमर्शियल गैस की सप्लाई मिलती है, उसे तुरंत वितरित किया जा रहा है।

वहीं स्थानीय व्यापारी भगवंत सिंह नेगी ने बताया कि अब स्थिति पहले से काफी बेहतर है और कमर्शियल सिलेंडर मिलने लगे हैं, जिससे कारोबार में फिर से रफ्तार आई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस आपूर्ति सामान्य होने से दैनिक जीवन में आ रही परेशानियां काफी हद तक कम हुई हैं और अब व्यवस्था संतोषजनक रूप से चल रही है।

