काशीपुर में टूटी सड़कों और गड्ढों पर फूटा लोगों का गुस्सा, जल्द मरम्मत की मांग

काशीपुर में टूटी सड़कों और गड्ढों पर फूटा लोगों का गुस्सा, जल्द मरम्मत की मांग

स्थान : हल्द्वानी
ब्यरो रिपोर्ट

शहर के विष्णुपुरी क्षेत्र में लंबे समय से खुदी सड़कों और जानलेवा गड्ढों को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। समाजसेवी विशाल वर्मा और पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द सुधार कार्य कराने की मांग की है।

अंजलि वर्मा ने बताया कि सीवर लाइन डालने के नाम पर पिछले 5 से 6 महीनों से गली नंबर 2, गली नंबर 6 और विष्णुपुरी गली नंबर 10 को खोदकर छोड़ दिया गया है। इससे क्षेत्रवासियों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर महिलाएं, बुजुर्ग और छोटे बच्चे रोजाना परेशान हो रहे हैं और आए दिन दुर्घटनाएं भी हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि सड़कों पर धूल और मिट्टी के कारण लोग बीमार पड़ रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद कार्य अधूरा पड़ा है। वहीं विष्णुपुरी गली के बाहर रामपुर रोड मुख्य मार्ग पर पिछले दो महीनों से बड़ा गड्ढा बना हुआ है, जिससे अब तक 8 से 10 हादसे हो चुके हैं।

समाजसेवी विशाल वर्मा ने बताया कि कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि यह सड़क वीवीआईपी मूवमेंट का भी मुख्य मार्ग है, जहां से पुष्कर सिंह धामी, अजय भट्ट, राम सिंह कैड़ा और सुमित हृदयेश सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि गुजरते हैं, इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले भी गड्ढों की वजह से कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, लेकिन प्रशासन अब भी गंभीर नहीं दिख रहा है। लोगों ने आरोप लगाया कि शायद प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।

समाजसेवियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़कों की मरम्मत और गड्ढों को भरने का कार्य शुरू नहीं किया गया, तो क्षेत्रवासी आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

स्थानीय जनता ने प्रशासन से अपील की है कि समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।