ऋषिकेश सरकारी अस्पताल में एंटी रैबीज इंजेक्शन की कमी, मरीज परेशान

ऋषिकेश सरकारी अस्पताल में एंटी रैबीज इंजेक्शन की कमी, मरीज परेशान

स्थान : ऋषिकेश
ब्यरो रिपोर्ट

तीर्थ नगरी ऋषिकेश का सरकारी अस्पताल इन दिनों अव्यवस्थाओं और संसाधनों की कमी से जूझ रहा है। खासतौर पर एंटी रैबीज इंजेक्शन की अनुपलब्धता मरीजों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई है।

अस्पताल में कुत्ता, बिल्ली और बंदर के काटने से पीड़ित मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें एंटी रैबीज इंजेक्शन उपलब्ध न होने की जानकारी दी जा रही है। ऐसे में गरीब मरीज या तो महंगे इंजेक्शन बाजार से खरीदने को मजबूर हैं या फिर बिना इलाज के ही घर लौट रहे हैं, जिससे उनकी जान को खतरा बना हुआ है।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार हर महीने करीब 500 एंटी रैबीज इंजेक्शन की आवश्यकता होती है। लेकिन मार्च महीने से अब तक अस्पताल में इन इंजेक्शनों की सप्लाई नहीं हो पाई है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है।

अस्पताल में सीएमएस का कार्यभार संभाल रहे डॉ. आनंद सिंह राणा ने बताया कि इंजेक्शन की आपूर्ति के लिए संबंधित फर्मों से लगातार संपर्क और पत्राचार किया जा रहा है। इसके बावजूद अभी तक अस्पताल को इंजेक्शन प्राप्त नहीं हुए हैं।

उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले कुछ दिनों में एंटी रैबीज इंजेक्शन की आपूर्ति हो जाएगी, जिससे मरीजों को राहत मिलेगी।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस गंभीर समस्या का जल्द समाधान किया जाए, ताकि समय पर उपचार न मिलने के कारण किसी भी व्यक्ति की जान जोखिम में न पड़े।