
स्थान : सितारगंज
ब्यूरो रिपोर्ट

पूर्व विधायक नारायण पाल के कांग्रेस में शामिल होने के बाद पहली बार सितारगंज पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। दिल्ली स्थित कांग्रेस भवन में पार्टी जॉइन करने के बाद उनके गृह क्षेत्र आगमन पर कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से अभिनंदन किया।


कार्यक्रम का आयोजन करन गार्डन में किया गया, जहां नारायण पाल गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंचे। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे, जिससे कार्यक्रम स्थल पर उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।


कांग्रेस में शामिल होने के बाद स्थानीय कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा दिखाई दी। मंच से नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरने का प्रयास किया और एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।


अपने संबोधन में नारायण पाल ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और अन्य समस्याओं से त्रस्त हो चुकी है। साथ ही महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े कुछ लोगों ने सितारगंज में विकास के नाम पर गलत काम किए हैं और कई संस्थानों व उद्योगों को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि अब जनता बदलाव चाहती है।

नारायण पाल ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे एकजुट होकर आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को जीत दिलाने के लिए काम करें और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने का संकल्प लें।

कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस नेताओं ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को मजबूत करने और जन-जन तक पार्टी की नीतियां पहुंचाने का आह्वान किया।

