रुद्रपुर के होटल में महिला की संदिग्ध मौत, पुलिस जांच में जुटी

रुद्रपुर के होटल में महिला की संदिग्ध मौत, पुलिस जांच में जुटी

स्थान : रुद्रपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

शहर के एक पांच सितारा होटल में दिल्ली निवासी महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

मृतका की पहचान ज्योति के रूप में हुई है, जो अपने बिजनेस पार्टनर अमित चौधरी के साथ उत्तराखंड के कैंची धाम मंदिर में दर्शन के लिए आई थी। दर्शन के बाद दोनों दिल्ली लौट रहे थे और इसी दौरान रुद्रपुर केरेडिसन ब्लू होटल रुद्रपुर में ठहरे थे।

पुलिस के अनुसार सुबह काफी देर तक कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर होटल स्टाफ को शक हुआ। दरवाजा खोलने पर महिला अचेत अवस्था में मिली, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले की जानकारी देते हुए दौलत राम वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है और हर पहलू से जांच की जा रही है।

पूछताछ में मृतका के साथ मौजूद अमित चौधरी ने बताया कि दोनों ने रात में काफी शराब का सेवन किया था, जिसके बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई थी। पुलिस को कमरे से बीयर की कई बोतलें भी बरामद हुई हैं।

पुलिस ने बताया कि डॉक्टरों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिससे मौत के सही कारणों का पता चल सके। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और हर संभावित एंगल को ध्यान में रखकर पड़ताल जारी है।