चंपावत: लोहाघाट केंद्रीय विद्यालय भवन संचालन को बाधक बनी विद्युत लाइन

चंपावत: लोहाघाट केंद्रीय विद्यालय भवन संचालन को बाधक बनी विद्युत लाइन

स्थान : लोहाघाट ( चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट

जिले के लोहाघाट नगर में छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षण सुविधा देने के लिए सरकार ने छमनिया चोड़ में केंद्रीय विद्यालय का नया भवन करोड़ों रुपए की लागत से निर्माण कराया है। निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और इसे एक महीने के भीतर पूर्ण करने का दावा निर्माण दाई संस्था के प्रतिनिधि आर0 के0 मांगलिक ने किया है।

क्षेत्रीय जनता और अभिभावकों की उम्मीद थी कि नए शिक्षा सत्र से ही विद्यालय का संचालन नए भवन में शुरू होगा। लेकिन अभी तक विद्युत विभाग की मुख्य लाइन और 11 पोल विद्यालय परिसर में बने हुए हैं, जो संचालन में बड़ी बाधा बन रहे हैं।

आर0 के0 मांगलिक ने बताया कि 32 केवी की विद्युत लाइन तार विद्यालय परिसर में नीचे झूल रहे हैं, जो निर्माण कार्य और फील्ड निर्माण में मजदूरों के लिए खतरा बन चुके हैं। यदि किसी तरह विद्यालय का संचालन भी शुरू हो गया तो छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए यह खतरनाक होगा।

उन्होंने यह भी बताया कि कई बार शासन प्रशासन और विद्युत विभाग से पत्राचार और मौखिक वार्ता की गई, लेकिन विद्युत लाइन और पोल हटाने में अभी तक कोई प्रगति नहीं हुई है। विद्यालय भवन और स्टाफ क्वार्टर का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है, और बाहरी क्षेत्र का कार्य भी अगले एक महीने में पूरा किया जाएगा।

विद्युत विभाग का कहना है कि इन पोल और लाइन को शिफ्ट करने के लिए 30% धनराशि सांसद या विधायक निधि से, 35% शासन और 35% विभाग के द्वारा खर्च की जाती है। जिला अधिकारी के माध्यम से सांसद और शासन को पत्राचार किया गया है और धनराशि मिलने के बाद ही विद्युत पोल हटाए जाएंगे।

अभिभावक और छात्र-छात्राएं नए भवन के संचालन के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। क्षेत्रीय जनता ने भी सांसद अजय टम्टा और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों से जल्द इस समस्या का समाधान करने और विद्यालय के संचालन की मांग की है।