चंपावत पुलिस का यातायात उल्लंघन के खिलाफ सख्त अभियान

चंपावत पुलिस का यातायात उल्लंघन के खिलाफ सख्त अभियान

स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट

एसपी चंपावत रेखा यादव के निर्देश पर चंपावत पुलिस द्वारा यातायात नियमों के उल्लंघन, रेट्रो साइलेंसर, नाबालिग वाहन चालकों और ओवरलोडिंग के खिलाफ विशेष कार्रवाई जारी है। पुलिस ने लोगों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सक्रिय अभियान चलाया है।

सोमवार को लोहाघाट में एसएचओ अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक ओवरलोड मैक्स वाहन को पकड़ा। 9 सीटर वाहन में चालक समेत 18 लोग सवार पाए गए, जिनमें कई बच्चे भी शामिल थे।

एसएचओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि वाहन का चालान कर दिया गया है और चालक के ड्राइविंग लाइसेंस के निरस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि ओवरलोडिंग सड़क दुर्घटनाओं का मुख्य कारण है और सभी वाहन चालकों से सवारी सीमा का पालन करने की अपील की गई।

पुलिस अभियान में रेट्रो साइलेंसर, बिना हेलमेट, बिना कागजात और नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान के दौरान कई वाहनों के चालान किए जा चुके हैं।

अभियान में एसआई हेमंत कठेत, एसआई कुंदन बोरा, एएसआई ललित अधिकारी और कांस्टेबल अशोक वर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। सभी पुलिसकर्मी सक्रिय रूप से सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने में लगे हुए हैं।

एसपी चंपावत ने कहा कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और कोई भी यातायात नियम तोड़ने वाला अछूता नहीं रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा में सहयोग दें।