रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत पर भाजपा मंत्री ने जताई चिंता

रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत पर भाजपा मंत्री ने जताई चिंता

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

राजधानी देहरादून में रिटायर्ड ब्रिगेडियर की गोली लगने से मौत ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। यह चौंकाने वाली घटना राजपुर रोड पर हुई, जहाँ लगातार दिल्ली-हरियाणा नंबर की कई गाड़ियां काले शीशे चढ़ाकर तेज गति से चल रही थीं।

भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि बाहरी वाहन चालकों द्वारा यातायात नियमों की खुलेआम अवहेलना गंभीर चिंता का विषय है। उनका कहना है कि इन लोगों को कानून का कोई डर नहीं है और वे ओवरस्पीडिंग व रैश ड्राइविंग करके आम नागरिकों के लिए खतरा बन गए हैं।

नेहा जोशी ने सवाल उठाया कि जब हम दिल्ली और चंडीगढ़ में नियमों का पालन करते हैं, तो ऐसे बाहरी लोग देहरादून में बेखौफ क्यों घूम रहे हैं। उनका कहना है कि राजपुर रोड जैसी व्यस्त सड़कों पर काले शीशे वाली गाड़ियों का आना और तेज रफ्तार से चलना आम जनता के लिए गंभीर जोखिम है।

मंत्री ने मुख्यमंत्री धामी से मांग की है कि इस मामले में एक स्पेशल पॉलिसी बनाई जाए। उनका सुझाव है कि बाहरी वाहनों की सघन चेकिंग की जाए और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।

भाजपा प्रदेश मंत्री ने यह भी कहा कि केवल चेतावनी या मामूली जुर्माने से यह समस्या नहीं रुकेगी। शहर में सुरक्षा और कानून का शासन बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाना अनिवार्य है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस घटना के बाद राजपुर रोड और अन्य मुख्य मार्गों पर चेकिंग बढ़ा दी गई है। स्थानीय प्रशासन भी बाहरी वाहनों की निगरानी के लिए विशेष टीम गठित करने पर विचार कर रहा है।