रानीखेत में कांग्रेस की बीएलए बैठक, 2027 चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश

रानीखेत में कांग्रेस की बीएलए बैठक, 2027 चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश

स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी

रानीखेत विधानसभा क्षेत्र के ताड़ीखेत विकासखंड एवं छावनी क्षेत्र में बूथ लेवल अभिकर्ताओं (बीएलए) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया गया।

बैठक के दौरान बीएल-2 के 10 प्रमुख बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई और अभिकर्ताओं को उनके दायित्वों और कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि संगठन की मजबूती बूथ स्तर की सक्रियता पर निर्भर करती है, इसलिए कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय रहना होगा।

इस अवसर पर करण माहरा, उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व CWC सदस्य, ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए 2027 विधानसभा चुनाव के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि अप्रैल 2026 में प्रस्तावित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता बीएलए और बीएलओ के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करें, ताकि मतदाता सूची को सही और अद्यतन किया जा सके।

बैठक के दौरान कई लोगों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इनमें जसवंत सिंह फर्त्याल, बालम सिंह मेहरा, अशोक पांडेय, ललित कड़ाकोटी, दयालु राम और दीपक कांडपाल शामिल रहे। कार्यकर्ताओं ने पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर संगठन से जुड़ने का निर्णय लिया।

इस मौके पर चुनावी तैयारियों को लेकर रणनीति पर भी चर्चा की गई और सभी कार्यकर्ताओं से सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख ताड़ीखेत प्रेम सिंह अधिकारी के ब्लॉक अध्यक्ष बनने पर उनका स्वागत किया गया। बैठक में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।