
स्थान : जसपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

उधम सिंह नगर जिले के जसपुर क्षेत्र में इन दिनों गुलदारों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। जसपुर के अंतर्गत पतरामपुर और मनोरथपुर गांवों में एक नहीं बल्कि तीन-तीन गुलदारों के दिखाई देने से ग्रामीणों में भारी दहशत फैल गई है।


बताया जा रहा है कि शाम ढलते ही गुलदार सड़कों पर घूमते नजर आ रहे हैं, जिससे लोग अपने घरों में कैद होने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि रात के अंधेरे में बाहर निकलना अब खतरे से खाली नहीं रहा।


पतरामपुर में एक घर के बाहर तीन गुलदारों का झुंड सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया। वहीं कुछ ही समय बाद मनोरथपुर में भी घरों के पास तीन गुलदार देखे गए, जिन्हें स्थानीय लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया।

यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे लोगों में और अधिक चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है, ताकि किसी बड़ी घटना से पहले इन गुलदारों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजा जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी गुलदार देखे जाते रहे हैं, लेकिन इस तरह एक साथ कई गुलदारों का घूमना बेहद खतरनाक स्थिति को दर्शाता है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर लोग चिंतित हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से गश्त बढ़ाने, पिंजरे लगाने और इलाके में निगरानी तेज करने की मांग की है। साथ ही लोगों को सतर्क रहने और रात के समय अनावश्यक बाहर न निकलने की सलाह दी जा रही है।

यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो यह समस्या गंभीर रूप ले सकती है और जनहानि का खतरा भी बढ़ सकता है।

