नानकमत्ता में पुलिस दबिश के दौरान बुजुर्ग महिला की मौत, परिजनों का हंगामा

नानकमत्ता में पुलिस दबिश के दौरान बुजुर्ग महिला की मौत, परिजनों का हंगामा

स्थान : नानकमत्ता (ऊधम सिंह नगर)
ब्यूरो रिपोर्ट

घटना नानकमत्ता के सिद्ध गांव की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले एक परिवार ने अपनी बेटी के लापता होने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई थी। जांच में सामने आया कि गांव का ही बंटी नाम का युवक लड़की को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया था, हालांकि बाद में लड़की वापस अपने घर लौट आई।

इसी मामले में फरार चल रहे युवक की तलाश में 28 तारीख को नानकमत्ता पुलिस उसके घर पहुंची थी। परिजनों का आरोप है कि पूछताछ के दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा घर में धक्का-मुक्की की गई, जिसमें युवक की बुजुर्ग दादी गिर गईं और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई।

परिजनों का दावा है कि चोट लगने के कारण बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए।

आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने महिला के शव को कोतवाली गेट पर रखकर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की और न्याय की गुहार लगाई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक गोपाल सिंह राणा, सीओ किच्छा और कोतवाल मंजू पांडे मौके पर पहुंचे। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और स्थिति को शांत कराया।

काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और प्रशासन द्वारा आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।