
स्थान : सितारगंज
रिपोर्टर : तनवीर अंसारी

खटीमा एवं चंपावत के वरिष्ठ पत्रकार दीपक फुलेरा के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद सितारगंज के पत्रकारों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। इस घटना के विरोध में पत्रकारों ने एकजुट होकर अपनी नाराजगी जताई।


आक्रोशित पत्रकारों ने एसडीएम और कोतवाली पुलिस के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में उन्होंने पत्रकार दीपक फुलेरा के खिलाफ दर्ज मुकदमे को तत्काल प्रभाव से वापस लेने की मांग की है।


बताया जा रहा है कि दो दिन पहले दीपक फुलेरा ने बनबसा क्षेत्र में गैस की किल्लत को लेकर खबर प्रकाशित की थी। इस खबर में गैस उपभोक्ताओं को लंबी-लंबी कतारों में खड़ा दिखाया गया था, जिससे आम लोगों की परेशानी उजागर हुई।


खबर प्रकाशित होने के बाद चकरपुर के भाजपा मंडल महामंत्री ने इसे सरकार की छवि धूमिल करने का आरोप लगाते हुए खटीमा कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर पत्रकार के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया।
इस कार्रवाई के बाद पत्रकारों में रोष और बढ़ गया है। उनका कहना है कि यह अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला है और सच्चाई दिखाने वाले पत्रकारों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

सितारगंज के पत्रकारों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मुकदमा वापस नहीं लिया गया, तो पूरे प्रदेश में धरना-प्रदर्शन और आंदोलन किया जाएगा।

पत्रकारों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका को कमजोर करने वाले ऐसे कदमों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

