धारी ब्लॉक में सड़क निर्माण को मिली रफ्तार, मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया डामरीकरण कार्य का शुभारंभ

धारी ब्लॉक में सड़क निर्माण को मिली रफ्तार, मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया डामरीकरण कार्य का शुभारंभ

स्थान : भीमताल
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के धारी ब्लॉक के कसियालेख से चौखुटा–पोखराड–धारी तक जाने वाला मोटर मार्ग लंबे समय से खराब स्थिति में था, जिससे ग्रामीणों, किसानों और पर्यटकों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। सड़क की जर्जर हालत को लेकर क्षेत्रीय लोगों में काफी नाराजगी भी थी।

ग्रामीणों ने अपनी समस्या को गंभीरता से उठाते हुए कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा से मोटर मार्ग के डामरीकरण की मांग की थी। इस पर मंत्री कैड़ा ने तुरंत संज्ञान लेते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री से इस सड़क के डामरीकरण के लिए बजट स्वीकृत करने की मांग की, जिसके बाद शासन से 5 करोड़ 37 लाख रुपये की धनराशि मंजूर की गई। बजट स्वीकृत होने के बाद अब सड़क निर्माण कार्य को गति मिल गई है।

शनिवार को मंत्री कैड़ा ने मोटर मार्ग के डामरीकरण और सुधारीकरण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

कैबिनेट मंत्री बनने के बाद पहली बार धारी ब्लॉक के सुन्दरखाल, लेटीबुगा, सुनकिया, बूढ़ीबना, लोद और गल्ला जैसे गांवों में पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। इस दौरान क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में क्षतिग्रस्त सड़कों पर लगातार डामरीकरण का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

अंत में मंत्री राम सिंह कैड़ा ने क्षेत्रीय जनता का आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों की यह गति आगे भी जारी रहेगी और जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।