कालाढूंगी में व्यापारियों की पार्किंग समस्या, नगर पालिका को सौंपा ज्ञापन

कालाढूंगी में व्यापारियों की पार्किंग समस्या, नगर पालिका को सौंपा ज्ञापन

स्थान : कालाढूंगी
ब्यरो रिपोर्ट

कालाढूंगी में प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के पदाधिकारियों और स्थानीय व्यापारियों ने नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पार्किंग व्यवस्था की मांग उठाई है। व्यापारियों ने अपनी समस्याओं को रखते हुए तत्काल समाधान की अपील की।

व्यापारियों का कहना है कि नगर पालिका कॉम्प्लेक्स में स्थित दुकानों के लिए पार्किंग की कोई उचित व्यवस्था नहीं है, जिससे उन्हें और उनके ग्राहकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था जल्द उपलब्ध कराने की मांग की है।

दरअसल, हाल ही में नगर पालिका और वाल्मीकि समाज के बीच वाल्मीकि मंदिर परिसर की भूमि को लेकर विवाद हुआ था। समझौते के बाद नगर पालिका द्वारा इस भूमि पर पार्किंग करने पर रोक लगा दी गई।

हालांकि विवाद का समाधान हो चुका है, लेकिन इसके बाद व्यापारियों के सामने नई समस्या खड़ी हो गई है। अब नगर पालिका कॉम्प्लेक्स में दुकानदारों के पास अपने वाहनों को खड़ा करने के लिए कोई स्थान नहीं बचा है।

व्यापारियों का कहना है कि पार्किंग व्यवस्था न होने के कारण उनके व्यवसाय पर सीधा असर पड़ रहा है। ग्राहक भी वाहन खड़ा करने की समस्या के चलते दुकानों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है।

व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या का जल्द समाधान किया जाए और एक स्थायी पार्किंग व्यवस्था विकसित की जाए, ताकि व्यापारियों और आम जनता दोनों को राहत मिल सके।