
स्थान : नैनीताल
ब्यरो रिपोर्ट

नैनीताल जनपद के प्रसिद्ध कैंची धाम में अव्यवस्थाओं और अनियमितताओं को लेकर समाजसेवियों ने जिलाधिकारी से शिकायत दर्ज कराई है। समाजसेवी विशाल वर्मा और पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा ने जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।


ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कैंची धाम ट्रस्ट को करोड़ों का दान मिलने के बावजूद श्रद्धालुओं के लिए धर्मशाला और भंडारे की समुचित व्यवस्था नहीं की गई है। इसके चलते दूर-दराज से आने वाले भक्तों को ठहरने और खाने के लिए भारी रकम खर्च करनी पड़ रही है।


समाजसेवियों ने बताया कि श्रद्धालुओं से कमरों के लिए 4 से 5 हजार रुपये प्रतिदिन तक वसूले जा रहे हैं, जबकि खाने-पीने की वस्तुओं के भी दोगुने दाम लिए जा रहे हैं। उन्होंने इसे श्रद्धालुओं के साथ खुली लूट करार दिया।

इसके अलावा ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि मंदिर के आसपास रात के समय मांस और शराब का सेवन कराया जाता है, जो इस पवित्र स्थल की मर्यादा के खिलाफ है। साथ ही शिप्रा नदी में कुछ होटलों द्वारा सीवर डालने की शिकायत भी उठाई गई, जिस पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
अंजलि वर्मा ने बताया कि कैंची धाम में प्रसाद, मूर्ति, फोटो, कंबल और अन्य वस्तुओं के मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं। साथ ही बिना एनओसी के अवैध रूप से होटलों का निर्माण भी किया जा रहा है, जिसकी जांच कर कार्रवाई की जानी चाहिए।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि नीम करौली बाबा के दर्शन के दौरान वीवीआईपी व्यवस्था के नाम पर आम श्रद्धालुओं के साथ भेदभाव और दुर्व्यवहार किया जाता है। समाजसेवियों ने प्रशासन से इस व्यवस्था को सुधारने और सभी श्रद्धालुओं के साथ समान व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग की है।


