देहरादून में दिव्यांशु हत्याकांड: मुख्य आरोपी अंकित भारद्वाज गिरफ्तार

देहरादून में दिव्यांशु हत्याकांड: मुख्य आरोपी अंकित भारद्वाज गिरफ्तार

स्थान : देहरादून
ब्यरो रिपोर्ट

देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में हुए चर्चित दिव्यांशु हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अंकित भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

बताया जा रहा है कि दो दिन पूर्व प्रेमनगर में कुछ हुड़दंगी छात्रों द्वारा 22 वर्षीय दिव्यांशु पर जानलेवा हमला किया गया था। हमले में दिव्यांशु गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया।

अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने दिव्यांशु को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया और परिजनों ने सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडे भी बरामद किए गए हैं, जिससे हमले की पुष्टि हुई है।

इस मामले में पुलिस ने पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि अब अंकित भारद्वाज की गिरफ्तारी के साथ मामले में अहम प्रगति हुई है। पुलिस अन्य संदिग्धों की भी तलाश कर रही है।

घटना के बाद प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए दो ढाबा होटलों को भी सीज कर दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाएगा।