
स्थान : नैनीताल
ब्यरो रिपोर्ट

नैनीताल के सरोवर नगरी क्षेत्र से करीब 10-12 किलोमीटर दूर भवाली-खुपी मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।


जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी से भवाली जा रही केमू बस (यूके 04 पीए 1112) रास्ते में एक बोलेरो वाहन को पास देने के दौरान टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई। गनीमत रही कि बस खाई में नहीं गिरी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।


हादसे के समय बस में करीब 15 से 16 यात्री सवार थे। टक्कर के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला।


सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। एसडीआरएफ इंस्पेक्टर मनीष भाकुनी के नेतृत्व में बचाव कार्य चलाया गया और घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जिसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। मृतक के पास कोई पहचान पत्र नहीं मिला, केवल एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। वहीं एक महिला समेत अन्य सात लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार अस्पताल में चल रहा है।

प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ओवरटेक के दौरान टक्कर और संभावित ब्रेक फेल होना माना जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी इसी मार्ग पर कई हादसे हो चुके हैं, जिससे सड़क सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं।


