हरिद्वार में नाबालिगों से बंधुआ मजदूरी का खुलासा, प्लांट हेड गिरफ्तार

हरिद्वार में नाबालिगों से बंधुआ मजदूरी का खुलासा, प्लांट हेड गिरफ्तार

स्थान : देहरादून
ब्यरो रिपोर्ट

जनपद हरिद्वार के सिडकुल थाना क्षेत्र में स्थित कार्तिक एंटरप्राइजेज कंपनी में नाबालिग लड़कियों से बंधुआ मजदूरी कराने का गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना के उजागर होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कंपनी के प्लांट हेड रजनीश शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि कंपनी में नाबालिग किशोरियों से जबरन काम कराया जा रहा था और उनके साथ मारपीट भी की जाती थी।

जांच के दौरान पुलिस को एक वीडियो भी मिला है, जिसमें पीड़िताओं के हाथ-पैर बांधकर उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि उनसे चोरी कबूलवाने के लिए दबाव बनाया जा रहा था, जो मामले को और गंभीर बनाता है।

प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि नाबालिग लड़कियों से वेल्डिंग मशीन जैसे खतरनाक कार्य कराए जा रहे थे। इतना ही नहीं, उनके दस्तावेजों में उम्र बढ़ाकर नौकरी देने का भी खुलासा हुआ है, जिसमें रिज्यूम फाइल और आधार कार्ड की कॉपियों में हेरफेर की गई।

पीड़िताओं की शिकायत के आधार पर सिडकुल थाने में कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी तथ्यों को खंगाला जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी और पीड़ितों को न्याय दिलाया जाएगा।