रानीपोखरी में नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी की मांग तेज, 39 दिन से धरना जारी

रानीपोखरी में नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी की मांग तेज, 39 दिन से धरना जारी

स्थान : देहरादून
ब्यरो रिपोर्ट

डोईवाला के रानीपोखरी भट्ट नगरी/लिस्ट्राबाद क्षेत्र में नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी की स्थापना की मांग अब तेज होती नजर आ रही है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार 39 दिनों से धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में आंदोलन ने जोर पकड़ लिया है।

आंदोलनकारियों का कहना है कि यह यूनिवर्सिटी क्षेत्र के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और इसके बनने से शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से मांग उठाने के बावजूद सरकार इस मुद्दे को नजरअंदाज कर रही है।

गुरुवार देर शाम आंदोलनकारियों ने विरोध प्रदर्शन को तेज करते हुए मसाल जुलूस निकाला। इस दौरान उन्होंने शासन-प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर आक्रोश जताया।

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी का शिलान्यास पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा किया गया था, लेकिन इसके बाद से परियोजना पर कोई ठोस काम नहीं हुआ। उनका कहना है कि सरकार की अनदेखी के कारण यह महत्वपूर्ण योजना ठंडे बस्ते में चली गई है।

आंदोलनकारियों ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि यूनिवर्सिटी की स्थापना रानीपोखरी में नहीं की गई, तो इसका खामियाजा सरकार को भुगतना पड़ेगा। उन्होंने साफ किया कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने एकजुट होकर इस आंदोलन को समर्थन दिया है। उनका कहना है कि यह केवल एक यूनिवर्सिटी की मांग नहीं, बल्कि क्षेत्र के भविष्य और विकास से जुड़ा मुद्दा है, जिसे किसी भी हाल में नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।