नवरात्र नवमी पर मां सिद्धिदात्री की पूजा, मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

नवरात्र नवमी पर मां सिद्धिदात्री की पूजा, मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

स्थान : देहरादून
ब्यरो रिपोर्ट

नवरात्र पर्व की नवमी तिथि पर मां दुर्गा के नौवें स्वरूप मां सिद्धिदात्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

श्रद्धालु अपने परिवार के साथ मंदिरों में पहुंचे और माता के दर्शन कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। ‘जय माता दी’ के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा, जिससे चारों ओर आस्था का माहौल बना रहा।

देहरादून के लाडपुर क्षेत्र में स्थित मां काली मंदिर में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। भक्तों ने माता के दर्शन कर अपने दिन की शुरुआत आशीर्वाद के साथ की।

मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। महिलाएं और बच्चे भी पूरे उत्साह के साथ पूजा में शामिल हुए।

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, नवमी के दिन मां सिद्धिदात्री की पूजा करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और जीवन में सुख-समृद्धि आती है। इस दिन का विशेष महत्व होने के कारण भक्तों में खास उत्साह देखने को मिला।

प्रशासन द्वारा भी मंदिरों में सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। पूरे दिन मंदिरों में भक्तों का आना-जाना लगा रहा और नवरात्र का यह पावन पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया।