चमोली: राजस्व गांवों का जिम्मा मिलने से बढ़ा पुलिस पर दबाव, नए थानों की तैयारियाँ तेज

चमोली: राजस्व गांवों का जिम्मा मिलने से बढ़ा पुलिस पर दबाव, नए थानों की तैयारियाँ तेज

स्थान : चमोली
ब्यरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के चमोली जिले में राजस्व गांवों के पुलिस कार्य रेगुलर पुलिस को सौंपे जाने के बाद पुलिस पर अतिरिक्त दबाव और कार्यभार बढ़ गया है। हालांकि शासन ने जिम्मेदारी सौंप दी है, लेकिन नए थानों और चौकियों के गठन में फिलहाल गति धीमी दिख रही है।

थराली थाना के वार्षिक निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि राजस्व गांवों के पुलिस कार्य हस्तांतरण के बाद पुलिस की जिम्मेदारी काफी बढ़ गई है। थराली थाना क्षेत्र की विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए चुनौतियाँ और भी अधिक हैं।

उन्होंने बताया कि ऐसे हालात में कानून व्यवस्था बनाए रखना आसान नहीं है। इसलिए नारायणबगड़ और देवाल में नए थाने खोलने की तैयारियाँ की जा रही हैं, ताकि स्थानीय स्तर पर पुलिसिंग बेहतर हो सके।

पुलिस अधीक्षक ने यह भी कहा कि ग्रीष्मकालीन राजधानी और विधानसभा सत्र के दौरान पुलिस के सामने बड़ी चुनौतियाँ आती हैं, इसलिए इन समयों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाती है।

इसी क्रम में आदिबद्री में नया थाना और दिवालिखाल में पुलिस चौकी खोलने के लिए पत्रावलियाँ तैयार की जा रही हैं और शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

इस पहल से पुलिस पर बढ़ते दबाव को कम करने में मदद मिलेगी और दूरस्थ क्षेत्रों में कानून व्यवस्था को मजबूत किया जा सकेगा।

सुरजीत सिंह पंवार ने जोर देकर कहा कि पुलिसिंग सुधार और नए थानों की स्थापना से जनता को बेहतर सुरक्षा और सेवाएँ प्रदान की जा सकेंगी।

उन्होंने सभी अधिकारियों से सतर्क रहने और हर स्थिति में कानून व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश भी दिया।