
स्थान : पौड़ी
ब्यरो रिपोर्ट

टिहरी गढ़वाल के कांग्रेस नेता और नरेंद्र नगर विधानसभा प्रभारी श्यामलाल आर्य ने प्रदेश में बढ़ती महंगाई और रसोई गैस की किल्लत को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला।


उन्होंने कहा कि खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध के चलते गैस आपूर्ति प्रभावित हो रही है, जिससे आम जनता और व्यवसायियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

आर्य ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के समय जब गैस सिलेंडर ₹400 के आसपास था, तब भाजपा नेता स्मृति ईरानी सिलेंडर लेकर सड़कों पर विरोध प्रदर्शन करती थीं।


लेकिन गैस की कीमत ₹1100 के करीब पहुंच चुकी है और भाजपा नेता इस मुद्दे पर पूरी तरह चुप्पी साधे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि एलपीजी गैस की किल्लत के कारण लोगों को लंबी-लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है, जबकि होटल और ढाबा संचालकों को कमर्शियल सिलेंडर के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। कई छोटे प्रतिष्ठान गैस की कमी के कारण अस्थायी रूप से बंद भी हो चुके हैं।

श्यामलाल आर्य ने आरोप लगाया कि प्रदेश में महंगाई बेलगाम हो चुकी है और इसका असर आम जनता के साथ-साथ चारधाम यात्रा पर भी पड़ सकता है।


उन्होंने कहा कि देवप्रयाग में सरकारी शराब की दुकान को लेकर स्थानीय लोगों में विरोध है, लेकिन सरकार राजस्व के लालच में इसे बंद करने से पीछे हट रही है।
आर्य ने चेतावनी दी कि जनता भाजपा के “दोहरे चरित्र” को समझ चुकी है और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में इसका जवाब सत्ता परिवर्तन के जरिए देगी।

