
IPL 2026 से पहले कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) के प्रैक्टिस मैच में जोरदार एक्शन देखने को मिला। पर्पल नाइट्स ने गोल्डन नाइट्स को रोमांचक मुकाबले में मात दी। मैच का हीरो रहे अंगकृष रघुवंशी, जिन्होंने सिर्फ 55 गेंदों में शानदार शतक जड़कर टीम को जीत दिलाई।


रघुवंशी की पारी में 9 चौके और 5 छक्के शामिल थे। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने मैच का रुख पूरी तरह पर्पल टीम के पक्ष में कर दिया। उन्होंने अपने ही टीम के गेंदबाजों को प्रैक्टिस मैच में कड़ी चुनौती दी।


गोल्डन नाइट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 199/8 का स्कोर बनाया। शुरुआत तेज रही, जहां टिम सीफर्ट ने 13 गेंदों में 30 रन और सार्थक रंजन ने 16 गेंदों में 37 रन बनाए। हालांकि 10 ओवर के अंदर तीन बड़े विकेट गिरने से रनगति पर असर पड़ा।


मध्यक्रम में रिंकू सिंह ने 40 रन और अनुकूल रॉय के योगदान से टीम ने स्कोर को 199/8 तक पहुँचाया। पर्पल नाइट्स की ओर से वैभव अरोड़ा और कार्तिक त्यागी ने अहम विकेट निकाले।


200 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पर्पल नाइट्स की शुरुआत खराब रही, अजिंक्य रहाणे दूसरे ही ओवर में आउट हो गए। लेकिन क्रीज पर आए रघुवंशी ने मैच का पासा पलट दिया।
रघुवंशी के अलावा फिन एलन ने 23 रन और अनुकूल रॉय ने नाबाद 28 रन बनाकर टीम को मजबूती प्रदान की। पर्पल नाइट्स ने 19.2 ओवर में 203/4 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
यह हाई-स्कोरिंग प्रैक्टिस मैच आने वाले IPL के लिए टीम की तैयारी और फॉर्म का बड़ा संकेत देता है। अंगकृष रघुवंशी की पारी ने दर्शकों और टीम को रोमांचित कर दिया।


