हल्द्वानी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की जनसभा 21 को, तैयारियां जोरों पर

हल्द्वानी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की जनसभा 21 को, तैयारियां जोरों पर

रिपोर्टर : पंकज सक्सेना
स्थान : हल्द्वानी

उत्तराखंड सरकार के चार साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम के तहत भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 21 मार्च को हल्द्वानी पहुंचेंगे।

वह यहां एम.बी. इंटर कॉलेज के प्रांगण में एक भव्य जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को जनता के सामने रखा जाएगा।

कार्यक्रम को लेकर पिछले दो दिनों से तैयारियां तेजी से चल रही हैं। जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं।

नगर मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेई ने बताया कि कार्यक्रम के लिए सभी जरूरी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं और सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई है।

नगर आयुक्त ने जानकारी दी कि शहर की सड़कों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है, ताकि कार्यक्रम स्थल पर स्वच्छता बनी रहे।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने यातायात और पार्किंग की भी विशेष व्यवस्था की है।

राज्य दर्जा मंत्री शंकर कोरंगा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य ने चार वर्षों में विकास के कई आयाम स्थापित किए हैं।

उन्होंने कहा कि इन चार वर्षों में प्रदेश में अनेक योजनाएं लागू की गई हैं और विकास की नई लहर देखने को मिली है। इस उपलक्ष्य में आयोजित जनसभा को लेकर तैयारियां भव्य स्तर पर की जा रही हैं।