
लोकेशन :- लालकुआँ
रिपोर्टर :- मुन्ना अंसारी

देशभर में आध्यात्मिक उत्साह और उमंग का माहौल है। चैत्र नवरात्रि का पावन पर्व शुरू हो गया है, जिसके साथ ही हिंदू नववर्ष यानी विक्रम संवत का भी शुभारंभ हुआ।


नौ दिनों तक चलने वाले इस पर्व में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी। श्रद्धालु पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ इस पर्व को मना रहे हैं।

इसी क्रम में कुमाऊँ के प्रसिद्ध अष्टादशभुजा महालक्ष्मी मंदिर में नवरात्रि के पहले दिन भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा।


सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। भक्त माता रानी के दर्शन कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना कर रहे हैं।
मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। भजन-कीर्तन और मंत्रोच्चार से माहौल और भी पवित्र बन गया।

इस अवसर पर महामंडलेश्वर सोमेश्वर यति जी महाराज ने बताया कि हिंदू परंपरा के अनुसार नवसंवत का आज से शुभारंभ होता है।

उन्होंने कहा कि नवरात्रि के नौ दिनों तक मां दुर्गा की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शक्ति और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है।

श्रद्धालुओं में इस पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और अगले नौ दिनों तक मंदिरों में इसी तरह भक्तों की भीड़ बनी रहने की संभावना है।

