देहरादून में गैस आपूर्ति को लेकर 405 शिकायतें, प्रशासन का कंट्रोल रूम सक्रिय

देहरादून में गैस आपूर्ति को लेकर 405 शिकायतें, प्रशासन का कंट्रोल रूम सक्रिय

स्थान : देहरादून
ब्यरो रिपोर्ट

देहरादून में एलपीजी गैस की आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन का कंट्रोल रूम लगातार सक्रिय रूप से काम कर रहा है। प्रशासन का कहना है कि उपभोक्ताओं की शिकायतों को तेजी से निपटाने के लिए अलग-अलग विभागीय टीमों को लगाया गया है।

जिला प्रशासन के अनुसार कंट्रोल रूम में शाम पांच बजे तक गैस आपूर्ति से संबंधित 405 शिकायतें दर्ज की गईं। इन शिकायतों में गैस की देरी से डिलीवरी, बुकिंग में दिक्कत और आपूर्ति की कमी जैसे मुद्दे शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि इन सभी शिकायतों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासन ने बताया कि जिले में आज करीब 11 हजार उपभोक्ताओं को एलपीजी गैस की आपूर्ति की गई है। इसके बावजूद अभी भी लगभग 53 हजार उपभोक्ताओं का बैकलॉग बना हुआ है, जिसे जल्द से जल्द पूरा करने के लिए गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं।

गैस की कालाबाजारी और अवैध भंडारण को रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त अभियान भी चलाया है। विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर टीमों ने कई जगह जांच की और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।

इस कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने 50 गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। साथ ही अवैध तरीके से गैस के कारोबार में शामिल दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। जब्त किए गए सिलेंडरों को सुरक्षित रूप से गैस एजेंसियों के सुपुर्द किया गया है।

प्रशासन का कहना है कि कालाबाजारी या अवैध गैस कारोबार किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।

जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी भी तरह की गैस कालाबाजारी या अनियमितता की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम को दें, ताकि संबंधित विभाग तत्काल कार्रवाई कर सके।