चमोली के डुंगर गांव तक पहुंची सड़क, ग्रामीणों ने श्रमदान से बनाया रास्ता

चमोली के डुंगर गांव तक पहुंची सड़क, ग्रामीणों ने श्रमदान से बनाया रास्ता

स्थान : चमोली
ब्यरो रिपोर्ट

चमोली जिले के पोखरी विकासखंड के डुंगर गांव में सड़क पहुंचने पर ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। वर्षों से सड़क सुविधा से वंचित इस गांव के लोगों ने आखिरकार खुद ही पहल करते हुए चंदा इकट्ठा किया और श्रमदान के जरिए करीब एक किलोमीटर सड़क का निर्माण कर दिया।

यह सड़क तोणजी मोटर मार्ग से गांव को जोड़ती है। सड़क बनने के बाद गुरुवार को पहली बार गांव में वाहन पहुंचा, जिसे देखकर ग्रामीणों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

वाहन के गांव पहुंचते ही पूरे गांव में मानो उत्सव का माहौल बन गया। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने वाहन का स्वागत किया और एक-दूसरे को बधाई देते हुए अपनी खुशी साझा की।

ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से गांव तक सड़क बनाने की मांग कर रहे थे, लेकिन जब इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई और जनप्रतिनिधियों की ओर से भी कोई मदद नहीं मिली, तो गांव के लोगों ने खुद ही सड़क बनाने का फैसला लिया।

इसके लिए ग्रामीणों ने आपस में चंदा इकट्ठा किया और श्रमदान करते हुए सड़क निर्माण का कार्य पूरा किया।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने से अब गांव तक वाहनों की पहुंच संभव हो गई है। इससे मरीजों को अस्पताल पहुंचाने, बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा के कामकाज में काफी सुविधा मिलेगी।