रामनगर में दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार युवक की मौत

रामनगर में दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार युवक की मौत

स्थान : रामनगर
ब्यरो रिपोर्ट

रामनगर के कोटाबाग मार्ग पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। यह हादसा बैलपड़ाव के पास पवलगढ़ क्षेत्र में उस समय हुआ, जब एक कार और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक कार के अंदर फंस गई और कुछ दूरी तक कार के साथ घिसटती हुई चली गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए।

स्थानीय लोगों ने घायल युवक को संभालते हुए तुरंत पुलिस और आपातकालीन सेवा 108 एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से युवक को उपचार के लिए संयुक्त चिकित्सालय रामनगर ले जाया गया।

अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की चिकित्सक डॉ. हिमानी ने बताया कि युवक को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था, लेकिन जांच के बाद उसकी मौत की पुष्टि हो गई।

मृतक की पहचान 30 वर्षीय हिमांशु टम्टा के रूप में हुई है, जो सेमलचौड़ बैलपड़ाव का निवासी बताया जा रहा है। युवक की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और अस्पताल में भी शोक का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है और दुर्घटना के कारणों के साथ-साथ कार चालक के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

फिलहाल पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।