रुड़की में 15 फीट गहरे कुएं में गिरा गुलदार, रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाला

रुड़की में 15 फीट गहरे कुएं में गिरा गुलदार, रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाला

स्थान : रुड़की
ब्यरो रिपोर्ट

रुड़की वन विभाग की रेंज के अंतर्गत आने वाले भौंरी गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब एक गुलदार 15 फीट गहरे कुएं में गिर गया। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना उत्तराखंड वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

कुएं में गिरा गुलदार काफी देर तक बाहर निकलने की कोशिश करता रहा, लेकिन गहराई ज्यादा होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका। वन विभाग की टीम ने स्थिति का जायजा लेने के बाद सावधानी के साथ रेस्क्यू प्लान तैयार किया।

रेस्क्यू के दौरान हरिद्वार QRT टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने गुलदार को ट्रेंकुलाइज कर काबू में किया ताकि उसे सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला जा सके।

कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने गुलदार को कुएं से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस दौरान मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और पूरे ऑपरेशन को देखते रहे।

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान शैलेंद्र सिंह नेगी समेत वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर तैनात रहे। पशु चिकित्सकों की टीम भी पूरे समय निगरानी करती रही।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार गुलदार को प्राथमिक जांच के बाद आगे की कार्रवाई के लिए चिड़ियापुर रेंज भेजने की तैयारी की जा रही है।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि जंगल से सटे इलाकों में सतर्क रहें और वन्यजीव दिखने पर तुरंत विभाग को सूचना दें।