
स्थान – लोहाघाट
ब्यूरो रिपोर्ट

लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मोनिका गिरी की तैनाती के बाद क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को बड़ी राहत मिल रही है। अब महिलाओं को गंभीर प्रसव या ऑपरेशन के लिए दूर जिला अस्पताल जाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही।


सोमवार देर रात जिला चिकित्सालय चंपावत से हल्द्वानी रेफर की गई महिला प्रीति सामंत को परिजन लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय लेकर आए। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉ. मोनिका गिरी ने तुरंत ऑपरेशन करने का निर्णय लिया। सीमित संसाधनों के बावजूद, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. रितु राठी और स्टाफ की मदद से महिला का सफल प्रसव कराया गया। ऑपरेशन के दौरान बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. ज्ञान प्रकाश और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी ने भी पूरी सहायता की।


डॉ. मोनिका गिरी ने बताया कि इसी प्रकार दो अन्य महिलाएं अवनी गिरी और गीता भी जिला चिकित्सालय से रेफर हुई थीं। उनकी हालत भी गंभीर थी, लेकिन उन्हें भी लोहाघाट में ही सुरक्षित प्रसव कर दिया गया। तीनों महिलाओं और उनके बच्चों की स्थिति अब अच्छी है।

हालांकि, डॉ. मोनिका ने यह भी कहा कि अस्पताल में अभी कुछ संसाधनों की कमी है। ओटी टेक्नीशियन की तैनाती नहीं है और ब्लड बैंक की सुविधा भी अस्पताल में उपलब्ध नहीं है। बावजूद इसके, चिकित्सक और स्टाफ ने सीमित संसाधनों में भी सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित किया।
परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सकों को धन्यवाद दिया। उन्होंने विशेष रूप से डॉ. मोनिका गिरी और निश्चेतक डॉ. रितु राठी के योगदान की सराहना की।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी ने बताया कि वर्तमान में चिकित्सालय में नौ विशेषज्ञ चिकित्सक सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. मोनिका गिरी और डॉ. रितु राठी की टीम के प्रयासों से अब आसपास के क्षेत्र की महिलाएं लोहाघाट में ही सुरक्षित प्रसव करा पा रही हैं।

डॉ. राठी ने उम्मीद जताई कि भविष्य में और संसाधन उपलब्ध होने पर अस्पताल से रेफर किए जाने वाले मामलों की संख्या और कम होगी, और गर्भवती महिलाओं को बेहतर उपचार सुविधा उनके ही क्षेत्र में उपलब्ध हो सकेगी।

