
स्थान – गैरसैंण (भराड़ीसैंण)
ब्यूरो रिपोर्ट

बजट सत्र के दूसरे दिन कांग्रेस कार्यकर्ता गैरसैंण भराड़ी सेंड में विधानसभा घेराव के लिए सड़कों पर उतर आए। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी समर्थकों के साथ विधानसभा की ओर कूच करते नजर आए। इस दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी हुई।


हरीश रावत ने कहा कि वर्तमान सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह से फेल हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने नौजवानों के रोजगार की उम्मीदों को कुचल दिया है और महिलाओं के सम्मान की रक्षा में नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में बलात्कार और अन्य अपराधों में आरोपी लोग प्रभावशाली होने के कारण उत्तराखंड की प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है।


पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “आज हम लोग यहां इसलिए इकट्ठा हुए हैं ताकि लगातार हो रहे अत्याचार और महिलाओं के खिलाफ अपराध के खिलाफ आवाज बुलंद की जा सके। हम नौजवानों, किसानों और आम जनता की आवाज उठाने के लिए यहां हैं।”


उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में पलायन लगातार बढ़ रहा है। गांव खाली हो रहे हैं और जंगली जानवरों के आतंक के कारण लोग अपने घरों से दूर जा रहे हैं। उनके मुताबिक, यह उत्तराखंड की बुनियाद को कमजोर कर रहा है।
कांग्रेस के नेताओं ने किसानों की समस्याओं और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की कमी को लेकर भी सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण विकास और सुरक्षा के मामलों में गंभीर रूप से विफल रही है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल हुए। उन्होंने हाथ में तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और विधानसभा तक मार्च किया।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो वह और बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे। उन्होंने सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों से तुरंत कदम उठाने की मांग भी की।

