
स्थान – किच्छा
रिपोर्टर – राजू सहगल

उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशन में पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और किच्छा पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने चेकिंग के दौरान लग्जरी कार से 6 हजार नशीले कैप्सूल बरामद किए और एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया।


किच्छा पुलिस के अनुसार देर शाम डीडी चौक पर काले रंग की हुंडई कार को रोका गया। कार की तलाशी के दौरान पुलिस को 25 डिब्बों में रखे प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल मिले, जिनकी कुल संख्या 6 हजार बताई जा रही है।


पुलिस ने कार चालक, उधम सिंह नगर जिला के थाना पुलभट्टा निवासी 21 वर्षीय मोहम्मद शाहबाज को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 51 हजार रुपये नकद और एक मल्टीमीडिया मोबाइल फोन भी बरामद किया।


अधिकारियों ने बताया कि कार को सीज कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जांच के दौरान आरोपी मोहम्मद शाहबाज ने बताया कि उसकी तस्करी में बड़ा भाई रईस अहमद शामिल है। बरामद नशीली दवाइयां उसके बड़े भाई द्वारा उसे दी गई थीं।
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि रईस अहमद उत्तर प्रदेश के बरेली से नशीली दवाइयां लाकर तस्करी करता है। पुलिस दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है।

उधम सिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

