
स्थान – बाज़पुर
ब्यूरो रिपोर्ट

जिले में अवैध मादक द्रव्यों के निर्माण, बिक्री और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। अपराध निरोध क्षेत्र-4 बाजपुर के अंतर्गत ग्राम बन्नाखेड़ा, इटव्वा और गजरौला में संयुक्त टीम ने छापेमारी की।


अभियान के दौरान टीम ने नालों के किनारे अवैध रूप से बनाई गई तीन भट्टियों को ध्वस्त कर दिया। इसके साथ ही मौके पर मौजूद लगभग 8000 किलोग्राम लहन को नष्ट किया गया।


कार्रवाई के दौरान टीम को करीब 80 लीटर कच्ची शराब भी बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर संबंधित आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं।


इस संयुक्त कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक महेंद्र सिंह बिष्ट (क्षेत्र-4 बाजपुर) और दिवाकर चौधरी (क्षेत्र-3 काशीपुर) के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी की। अभियान में प्रवर्तन दल उधमसिंह नगर भी शामिल रहा।
टीम में प्रधान आबकारी सिपाही पवन कुमार कंबोज और कैलाश भट्ट के साथ आबकारी सिपाही कृष्णा आर्य, बलजीत सिंह, वंदना घिल्डियाल, अर्चना यादव और रेनुका बोआरा मौजूद रहे।
आबकारी निरीक्षक महेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि अवैध शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

