धामी सरकार के ‘चार साल बेमिसाल’ के दावे पर कांग्रेस का हमला

धामी सरकार के ‘चार साल बेमिसाल’ के दावे पर कांग्रेस का हमला

स्थान – मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट

भाजपा सरकार के चार साल पूरे होने पर जहां सरकार अपने कार्यकाल को “चार साल बेमिसाल” बता रही है, वहीं कांग्रेस ने इन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। मसूरी में आयोजित एक कार्यक्रम में उत्तराखंड महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने धामी सरकार की नीतियों और कामकाज पर तीखा हमला बोला।

ज्योति रौतेला ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार अपने चार साल के कार्यकाल को बेमिसाल बता रही है, लेकिन प्रदेश की जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। उनका आरोप है कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध, हत्या और लूटपाट जैसी घटनाओं में वृद्धि हो रही है, जिससे आम लोगों में भय का माहौल है। रौतेला ने सरकार पर आरोप लगाया कि इन गंभीर मुद्दों पर प्रभावी कदम उठाने के बजाय सरकार केवल अपनी उपलब्धियों का प्रचार करने में लगी हुई है।

महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्य में सैकड़ों बच्चों के लापता होने के मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन इन मामलों में ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को इन मामलों को गंभीरता से लेकर पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की दिशा में काम करना चाहिए।

उन्होंने महंगाई और बेरोजगारी को भी बड़ा मुद्दा बताते हुए कहा कि प्रदेश का युवा रोजगार के लिए भटक रहा है। बढ़ती महंगाई ने आम जनता की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं, लेकिन सरकार इन समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाती नजर नहीं आ रही है।

रौतेला ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हरिद्वार दौरे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इस दौरे से प्रदेश को कोई ठोस लाभ नहीं मिला और सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया गया।

साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि महिला कांग्रेस नेताओं को गृह मंत्री को ज्ञापन देने से पुलिस प्रशासन ने रोक दिया, जो लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है।

ज्योति रौतेला ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में प्रदेश की जनता भाजपा सरकार को जवाब देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन को मजबूत करने में जुटी है और जल्द ही राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा।