
स्थान : रुड़की
ब्यरो रिपोर्ट

अमित शाह के हरिद्वार दौरे के दौरान उस समय हलचल मच गई जब सुराज सेवा दल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उन्हें ज्ञापन देने के लिए हरिद्वार की ओर रवाना हुए। हालांकि पुलिस प्रशासन ने उन्हें हरिद्वार पहुंचने से पहले ही मंगलौर में रोक दिया।


पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद कुछ देर के लिए मौके पर माहौल गरमा गया और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। सुराज सेवा दल के पदाधिकारियों का कहना है कि उत्तराखंड में कानून व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह सवालों के घेरे में है।

पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि Ankita Bhandari हत्याकांड, प्रदेश में बढ़ते भ्रष्टाचार और अवैध खनन जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार और उसके प्रतिनिधि चुप्पी साधे हुए हैं। इन सभी मामलों को लेकर वे गृहमंत्री अमित शाह को ज्ञापन सौंपकर हस्तक्षेप की मांग करना चाहते थे।

कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रदेश में विपक्ष की भूमिका भी कमजोर दिखाई दे रही है, ऐसे में सरकार की नीतियों और कामकाज के विरोध की जिम्मेदारी सुराज सेवा दल ने अपने कंधों पर ली है। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को उठाने के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
वहीं प्रशासन की ओर से अधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को समझाते हुए स्थिति को शांत कराया। बाद में सुराज सेवा दल के पदाधिकारियों ने गृहमंत्री अमित शाह के नाम एक ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंप दिया। अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया कि उनका ज्ञापन और मांगें गृहमंत्री तक पहुंचा दी जाएंगी।

